अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार को हल्द्वानी पहुंचे। एफटीआई हेलीपैड पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद जनता और जनप्रतिनिधियों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने लोगों से कुशलक्षेम पूछा और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन-समस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता की हर समस्या का समाधान तय समय सीमा में होना चाहिए।इससे पूर्व हेलीपैड पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी., मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दीपा दरम्वाल, हुकुम सिंह कुंवर, शंकर कोरंगा सहित विभिन्न दर्जा प्राप्त राज्य मंत्रीगण और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।































