पानी में लहराया आर्डन का परचम, ओम और अंजलि ने जीते 6 पदक
हल्द्वानी। मेहनत और लगन का परिणाम हमेशा मीठा होता है। यह साबित किया आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल, लामाचौड़ के दो होनहार तैराकों ने। गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में संपन्न राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में स्कूल के ओम टनवाल और अंजलि पडलिया ने कुल 6 पदक जीतकर सबको गौरवान्वित किया। कक्षा 8 के ओम टनवाल प्रतियोगिता के स्टार रहे। उन्होंने 50 मीटर फ्रीस्टाइल, 50 मीटर बटरफ्लाई और 100 मीटर फ्रीस्टाइल में रजत तथा 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में कांस्य पदक जीता। कक्षा 10 की अंजलि पडलिया ने भी पीछे नहीं रहते हुए 50 मीटर बैकस्ट्रोक और 50 मीटर बटरफ्लाई में कांस्य पदक अपने नाम किए।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता बच्चों की कड़ी मेहनत, कोच के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विद्यार्थी भविष्य में भी इसी तरह विद्यालय और राज्य का गौरव बढ़ाते रहेंगे।





























