210 करोड़ की संपत्ति की जांच की मांग
सोमेश्वर/अल्मोड़ा। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के खिलाफ सोमेश्वर में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भौनी और पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र बाराकोटी के नेतृत्व में 210 करोड़ की अवैध संपत्ति के मामले को लेकर सोमेश्वर में विशाल प्रदर्शन किया गया। सैकड़ों से महिलाएं और बुजुर्गों से लेकर युवाओं ने एकजुट होकर रैली निकाली और भ्रष्टाचार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हजारों की संख्या में उमड़े जनसैलाब ने यह साफ कर दिया कि यह लड़ाई अब सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि जनता की लड़ाई बन चुकी है।
कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के विकास के नाम पर जनता को गुमराह किया गया। जबकि सच्चाई यह है कि जनप्रतिनिधि की संपत्ति में बेतहाशा वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि मंत्री रेखा आर्या को अपनी संपत्ति के स्रोत को सार्वजनिक करना चाहिए। पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र बाराकोटी और जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भौनी ने कहा कि यह मामला सिर्फ 210 करोड़ का नहीं, बल्कि जनता के विश्वास का है। यदि आरोप गलत हैं तो सरकार को इसकी निष्पक्ष जांच करानी चाहिए।
महिलाओं और युवाओं की भारी भागीदारी
इस जन आक्रोश रैली में सबसे खास बात महिलाओं और युवाओं की भागीदारी रही। उत्तराखंड में स्थानीय महिलाओं और आम व्यवसाइयों ने भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में विकास के नाम पर केवल कागजी खानापूर्ति की गई है। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल है। वक्ताओं ने कहा कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और ब्लॉक से लेकर जिले तक उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
जांच की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक 210 करोड़ की संपत्ति की निष्पक्ष जांच नहीं होती और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की जाती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री करन माहरा, करन टेटवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष उमा बिष्ट, गोविंद सिंह मेहरा, पूरन जोशी, हरीश कनवाल, सुंदर लटवाल समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी इस जनसैलाब का हिस्सा बने।




































