दिनेश गुरुरानी ने यात्रियों को चौकोड़ी और अल्मोड़ा के लिए दिए पौधे, कालापानी-गुंजी में भी हुआ रोपण
डीडीहाट, पिथौरागढ़ | पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा के चौथे दल के यात्री यात्रा से लौटने के बाद पर्यटक आवास गृह डीडीहाट पहुंचे। कुमाऊं मंडल विकास निगम के पूर्व प्रबंधक एवं राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरुरानी ने यात्रियों का माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें “हिमालय बचाओ अभियान” की शपथ दिलाई। इस अवसर पर यात्रियों को पौधारोपण अभियान के 746वें दिन से भी जोड़ा गया। दिनेश गुरु रानी ने यात्रियों को पर्यटक आवास गृह चौकोड़ी और हॉलिडे होम अल्मोड़ा परिसर में रोपण के लिए पौधे भेंट किए।
इस बार खास बात यह रही कि कुमाऊं मंडल विकास निगम के रसोइयों ने भी पहली बार कैलाश यात्रा पूरी की। लौटने पर दिनेश गुरुरानी ने रसोइयों का भी माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें पौधारोपण अभियान से जोड़ा। दल के संपर्क अधिकारी लक्ष्मी चंद्रा और अन्य यात्रियों ने दिनेश गुरुरानी की मुहिम की सराहना की। उन्होंने बताया कि इससे पहले पर्यटक आवास गृह पिथौरागढ़ में मिले पौधों को कालापानी और गुंजी परिसर में रोपित किया गया था। यात्रियों ने यात्रा के दौरान हिमालय को कूड़ा मुक्त रखने में भी सहयोग दिया।

यात्रियों ने कहा, “भगवान कैलाश के दर्शन से हमारी यात्रा सफल हुई। हम घर जाकर भी अपने स्तर पर पौधारोपण करेंगे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश आगे बढ़ाएंगे।” स्वागत कार्यक्रम में दल के कोऑर्डिनेटर विनोद तिवारी, आवास गृह प्रबंधक मनोज कुमार, अशोक सिंह, प्रमोद कुमार, बलवंत सिंह, बबलू, हर सिंह, ललित, गजेंद्र, गौरव और निर्मल उपस्थित रहे।
दिनेश गुरुरानी ने कहा, “यह भगवान भोलेनाथ की कृपा है कि देश के विभिन्न प्रांतों से आए यात्री हिमालय बचाओ अभियान से जुड़ रहे हैं। पौधारोपण के साथ-साथ वे हिमालय को कूड़ा मुक्त रखने का संकल्प भी ले रहे हैं और दूसरों को भी प्रेरित कर रहे हैं।”































