नानकमत्ता। देवभूमि ट्रक ओनर्स महासंघ (पंजी. 446) ने रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नानकमत्ता प्रवास के दौरान उनसे भेंट कर 6 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष राकेश जोशी के नेतृत्व में महासंघ ने ट्रांसपोर्ट उद्योग की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। महासंघ प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा ने बताया कि ट्रांसपोर्ट से 20 लाख परिवार जुड़े हैं, जो इस समय संकट में है। उन्होंने OTS योजना को सबसे प्रमुख मांग बताया। कहा कि यूपी की तरह उत्तराखंड में भी वन टाइम सेटलमेंट योजना लागू होने से हजारों ट्रांसपोर्टरों को राहत मिलेगी और सरकार को राजस्व भी मिलेगा। ज्ञापन में कुमाऊं में हल्द्वानी, रुद्रपुर, किच्छा में जाम से निजात, कागज चेकिंग के नाम पर पुलिस उत्पीड़न रोकने, पहाड़ पर 16.2 टन GVW से अधिक भार पर रोक व हिल एंडोर्समेंट अनिवार्य करने, प्रवेश द्वारों पर ऑटोमेटेड कांटे लगाने और लंबे निर्माण सामग्री की ढुलाई पर छूट देने की मांग शामिल है।मुख्यमंत्री ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान भास्कर जोशी, ललित पाठक, दयाकिशन शर्मा, राजेश नियोलिया समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।



































