मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
रुद्रपुर। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में संयुक्त इंडिया गठबंधन ने देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी के नेतृत्व में रुद्रपुर में प्रदर्शन कर वोट चोरी के आरोप लगाए। सपा कार्यकर्ता वोट चोरी के खिलाफ सड़कों पर उतरे। कार्यकर्ताओं ने अम्बेडकर पार्क में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया और अम्बेडकर चौराहे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला फूंका।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने गल्ला मंडी से अम्बेडकर चौक तक पैदल मार्च निकाला और इसके बाद जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा समाजवादी पार्टी ने पूरे देश में वोट चोरों के खिलाफ आवाज उठाई है। इसी तर्ज पर आज इंडिया गठबंधन के साथियों के साथ मिलकर उत्तराखंड में सड़कों पर उतरकर लड़ाई लड़ी है। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। देश में निष्पक्ष चुनाव के लिए उनका इस्तीफा जरूरी है। आने वाले समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग भी की जाएगी।

इस अवसर पर मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव, छात्र सभा प्रदेश अध्यक्ष ओसियन यादव, राम सिंह सागर, मजहर रिजवी, इस्लाम मिकरानी, सनी गुप्ता, शेर सिंह, सूरज गुप्ता, शिवम सिंह, अरशद अयूब, उमैर मतीन, अनस सिद्दीकी, मुनीर अंसारी, सरताज अंसारी, आकिब, जावेद मिकरानी, रिजवान पहलवान सहित सैकड़ों सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



































