Home उत्तराखंड तिकोनिया पर फीकी चाय के साथ कांग्रेस ने सरकार को दिखाया आईना

तिकोनिया पर फीकी चाय के साथ कांग्रेस ने सरकार को दिखाया आईना

1051

हल्द्वानी में कांग्रेस का फीकी चाय प्रोटेस्ट, विधायक सुमित हृदयेश बोले- त्योहारों की मिठास पर महंगाई की मार

हल्द्वानी। चीनी के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी और कमरतोड़ महंगाई के खिलाफ हल्द्वानी महानगर कांग्रेस ने सोमवार को तिकोनिया चौराहे पर अनोखा प्रदर्शन किया। “महंगी चीनी, फीकी चाय” कार्यक्रम के तहत हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहगीरों और आमजन को बिना चीनी की फीकी चाय पिलाकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान “महंगी चीनी, फीकी चाय”, “महंगाई पर लगाम लगाओ” के नारों से चौराहा गूंज उठा।

विधायक ने कहा – सवाल चाय का नहीं, त्योहार का है

मीडिया से बात करते हुए विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की चाय की मिठास तक छीन ली है। चीनी, खाद्य तेल और रोजमर्रा की जरूरतों के दाम आसमान पर हैं, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने कहा, “आज सवाल सिर्फ एक कप चाय में चीनी का नहीं है। सवाल उस परिवार का है जो त्योहार मनाने के लिए बजट बनाता है। सामने रक्षाबंधन है, बहनें भाइयों को मिठाई खिलाना चाहती हैं, फिर जन्माष्टमी पर घर-घर प्रसाद बनेगा। लेकिन महंगी चीनी और तेल से मिठाई के दाम बढ़ेंगे तो गरीब परिवार त्योहार कैसे मनाएगा? सरकार को आंकड़े नहीं, उस मां की चिंता समझनी चाहिए जो बच्चों के लिए मिठाई खरीदना चाहती है।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार को घेरा

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि जब सरकार खुद देश में चीनी का पर्याप्त स्टॉक होने का दावा कर रही है तो फिर दाम क्यों बढ़ रहे हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि अगर जमाखोरी और कालाबाजारी से दाम बढ़ रहे हैं तो सरकार कार्रवाई क्यों नहीं कर रही? कांग्रेस नेताओं ने कहा कि फीकी चाय आज केवल प्रतीकात्मक विरोध नहीं है, बल्कि उस आम आदमी की आवाज है जिसकी थाली से मिठास महंगाई छीन रही है। कार्यक्रम में ललित जोशी, मलय बिष्ट, जया कर्नाटक, हेम पांडे, राजेन्द्र बिष्ट, दीप पाठक, संजू उप्रेती, मनोज टम्टा, कोमल जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।