“समन्वित योजना एवं मॉनिटरिंग पर जोर”
पिथौरागढ़ । विकास भवन सभागार, पिथौरागढ़ में आज परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास आशीष पुनेठा की अध्यक्षता में सतत विकास लक्ष्यों (SDG) के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य जनपद स्तर पर SDG लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु समन्वित योजना, निगरानी एवं मूल्यांकन प्रणाली को सुदृढ़ करना रहा। कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, विकासखंड स्तरीय कर्मियों एवं संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान वर्ष 2047 तक सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु जनपद स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने, SDG इंडेक्स रिपोर्ट 2023-24 के आधार पर वर्तमान स्थिति का विश्लेषण करने तथा सुधार की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यशाला में “थीम आधारित इंटीग्रेटेड प्लानिंग एवं मॉनिटरिंग” पर विशेष जोर दिया गया, जिसके अंतर्गत जनपद की ताकत (Strengths), कमजोरियां (Weaknesses), अवसर (Opportunities) एवं चुनौतियां (Threats) का विश्लेषण करते हुए प्रभावी रणनीति तैयार करने पर बल दिया गया। इस अवसर पर अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित SDG लक्ष्यों के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा निर्धारित संकेतकों के आधार पर नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। कार्यशाला के माध्यम से जनपद में सतत विकास लक्ष्यों की दिशा में बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
इस दौरान विभागीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
























