कहा – वीर सैनिकों और वीरांगनाओं को नहीं होनी चाहिए कोई असुविधा
हल्द्वानी । सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी शनिवार को एक्शन में नजर आए। हल्द्वानी में 9 सितंबर को होने वाले गौरव सेनानी सम्मान समारोह की तैयारियों की समीक्षा के लिए उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री जोशी ने स्पष्ट कहा कि समारोह भावपूर्ण एवं गरिमामय रूप से सम्पन्न होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह में आने वाले पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए, सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं।
उन्होंने बताया कि यह भव्य समारोह हल्द्वानी के वाटिका बैंकेट हॉल में आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य राष्ट्र सेवा में सर्वस्व अर्पण करने वाले वीरों का सम्मान करना है। बैठक के बाद मंत्री जोशी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, बंशीधर भगत, दीवान सिंह बिष्ट, सरिता आर्या, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।































