पहली बार रसोईयों को भी मिले पौधारोपण के पौधे
पिथौरागढ़ । पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा के सातवें दल को बुधवार को पर्यटक आवास गृह में एक विशेष कार्यक्रम के तहत पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। कुमाऊं मंडल विकास निगम के पूर्व प्रबंधक एवं राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरुरानी ने यात्रियों को ‘हिमालय बचाओ अभियान’ से जोड़ते हुए उच्च हिमालयी क्षेत्र में किसी भी प्रकार की प्रदूषक सामग्री का उपयोग न करने और हिमालय को कूड़ा मुक्त रखने की शपथ दिलाई।
दिनेश गुरुरानी द्वारा पिछले 744 दिनों से लगातार चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान के तहत इस बार यात्रा दल को कालापानी और गुंजी में रोपण के लिए पौधे भेंट किए गए। गुरुरानी ने पहली बार यात्रा में शामिल कुमाऊं मंडल विकास निगम के रसोइयों को भी इस मुहिम से जोड़ा और उन्हें पौधे सौंपे, ताकि वे भी मार्ग में हरियाली बढ़ाने में योगदान दे सकें।
यात्रियों ने गुरुरानी के प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना की। दल के सदस्यों ने कहा कि यह पहल अनुकरणीय है और हर नागरिक को इससे जुड़ना चाहिए। उन्होंने संकल्प लिया कि यात्रा के दौरान हिमालय क्षेत्र में पौधारोपण करेंगे, मार्ग से कूड़ा एकत्र करेंगे और यात्रा संपन्न होने के बाद अपने-अपने घरों में भी पौधे लगाएंगे।
कार्यक्रम में यात्रा कोऑर्डिनेटर संतोख बिष्ट, आवास गृह प्रबंधक प्रकाश सिंह भैंसोड़ा, भीम सिंह अधिकारी, दिनेश चंद्र, राजेंद्र सिंह, पदम सिंह, वेद प्रकाश, नरेंद्र थापा, गोपाल बिष्ट, सौरव, विजय, हंसी, रचना, दीपा रावत, निर्मल सिंह सहित निगम के अनेक कर्मी उपस्थित रहे। आयोजकों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को यात्रा का अभिन्न हिस्सा बनाने से न केवल हिमालय की पवित्रता बनी रहेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी यह क्षेत्र सुरक्षित हो सकेगा।































