Home उत्तराखंड इंस्पिरेशन पब्लिक स्कूल में ड्रोन और रॉकेट से लहराया तिरंगा, देशभक्ति से...

इंस्पिरेशन पब्लिक स्कूल में ड्रोन और रॉकेट से लहराया तिरंगा, देशभक्ति से गूंजा परिसर

750

हल्द्वानी। इंस्पिरेशन पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी-काठगोदाम में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और नवाचार के रंग में मनाया गया। इस बार समारोह की सबसे खास बात रही — ड्रोन के जरिए आसमान में तिरंगा फहराना और हाइड्रो रॉकेट से राष्ट्रध्वज को सलामी देना। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की चेयरपर्सन डॉ. गीतिका बल्यूटिया, गायत्री बल्यूटिया और प्रधानाचार्य अनुराग माथुर द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद सभी ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति सम्मान और समर्पण का संकल्प लिया। एस्ट्रो पाठशाला के विद्यार्थियों ने ड्रोन से आसमान में तिरंगा लहराकर और हाइड्रो रॉकेट के माध्यम से ध्वज को सलामी देकर सबको चौंका दिया। इस अनूठी प्रस्तुति ने बच्चों की तकनीकी समझ के साथ उनकी देशभक्ति को भी उजागर किया। कक्षा 8 की दिव्यांशी पांडे और कक्षा 3 के गर्वित सनवाल ने ओजस्वी देशभक्ति कविताएं सुनाईं। कक्षा 12 के हिमांशु कफल्टिया ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को याद करते हुए प्रेरणादायक भाषण दिया। विद्यालय के कॉयर ग्रुप ने देशभक्ति गीतों से माहौल जोश से भर दिया, वहीं ‘विविधता में एकता’ विषय पर नृत्य प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। चेयरपर्सन डॉ. गीतिका बल्यूटिया ने कहा, “हर व्यक्ति के भीतर मातृभूमि के प्रति समर्पण होना चाहिए। विद्यार्थी आदर्शों को अपनाकर देश का नाम रोशन करें।” प्रधानाचार्य अनुराग माथुर ने बच्चों को स्वतंत्रता के सही अर्थ और उसके जिम्मेदार उपयोग के बारे में बताया। समारोह ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, तकनीकी कौशल और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत किया।