विश्वकर्मा जयंती पर 7 गाड़ियों के चीथड़े उड़ाए, पुलिस बेखबर
हल्द्वानी । उत्तराखंड के सबसे बड़े ट्रांसपोर्ट नगर कहे जाने वाले हल्द्वानी के यातायात नगर, BAD-60 में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब दिन-त्योहार भी नहीं देख रहे। विश्वकर्मा जयंती के दिन अज्ञात चोरों ने यातायात नगर में खड़े 7 वाहनों को निशाना बनाते हुए बैटरी, बैटरी टर्मिनल और कीमती कॉपर वायरिंग काटकर चोरी कर ली। यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले सप्ताह ही इसी तरह 5 वाहनों में चोरी हुई थी। यानी 10 दिन के अंदर 12 गाड़ियों में चोरी। लगातार हो रही बैटरी, तार और डीजल चोरी से ट्रांसपोर्टरों में भारी आक्रोश है। पीड़ित ट्रांसपोर्टरों में शिवराज सिंह बिष्ट, नंदन सिंह नयाल, विक्रम बिष्ट, रोहित रौतेला, हरेन्द्र सिंह सहित चार ट्रांसपोर्ट स्वामियों के वाहन शामिल हैं। वाहन संख्या UK04 CB 3049, UK04 CB 8722, UK04 CA 4478, UK04 8504, अन्य 3 वाहन।घटना के बाद उत्तराखंड देवभूमि ट्रक ओनर महासंघ (रजि. 446) में गहरा रोष है। महासंघ के अध्यक्ष राकेश जोशी ने प्रशासन से चोरी का शीघ्र खुलासा करने की मांग करते हुए यातायात नगर में तैनात पीआरडी जवानों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। ट्रांसपोर्टर नेता हरजीत सिंह चड्ढा ने कहा कि यातायात नगर चौकी में स्टाफ की भारी कमी है। यह चौकी मूल रूप से सिर्फ 32 एकड़ के यातायात नगर के लिए बनी थी, लेकिन अब इसके जिम्मे मानपुर उत्तर, मानपुर पश्चिम, जीतपुर नेगी, हरिपुर जमन सिंह, पंचायत घर, बेलबाबा मंदिर से लेकर बिरला स्कूल तक का विशाल क्षेत्र दे दिया गया है। उन्होंने शासन से पुरानी मांग दोहराते हुए कहा कि जनहित और सुरक्षा को देखते हुए यातायात नगर चौकी को तुरंत थाने में उच्चीकृत किया जाए, ताकि पर्याप्त पुलिस बल मिल सके और चोरी पर लगाम लगे। इस दौरान महासंघ अध्यक्ष राकेश जोशी, ललित पाठक, उमेश चंद्र पांडे, भास्कर जोशी, विजेंद्र नेगी, विक्रम बिष्ट, करण मनराल, ललित रौतेला सहित समस्त ट्रांसपोर्टर मौजूद रहे।































