हल्द्वानी। प्रीपेड बिजली मीटरों को लेकर शहर में लगातार बढ़ रही जनशिकायतों के बाद कांग्रेस नेता ललित जोशी के नेतृत्व में सैकड़ों उपभोक्ताओं ने आज सिटी मजिस्ट्रेट से मुलाकात की और पूरे प्रकरण से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। वहीं स्थानीय निवासियों ने बताया कि प्रीपेड मीटर लगने से पहले जिन घरों का औसत मासिक बिजली बिल लगभग ₹5,00 आता था, अब वही बिल बढ़कर ₹2,500 तक पहुंच रहा है। रिचार्ज की राशि बहुत तेजी से कट रही है, जिससे आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इस दौरान कांग्रेस नेता ललित जोशी ने कहा कि यह आम जनता के साथ अन्याय है। बिजली विभाग की मनमानी और मीटर की रीडिंग में पारदर्शिता न होने के कारण गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है।

ललित जोशी ने सिटी मजिस्ट्रेट से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा की जाए और उपभोक्ताओं को तुरंत राहत दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। ज्ञापन देने वालों में बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा भी शामिल रहे।






























