हल्द्वानी। मछली बाजार, घास मंडी, आजाद नगर, इंदिरा नगर और नई बस्ती के वार्ड नंबर 21, 22, 26, 27, 28, 29, 30 व 31 में सीवर लाइन निर्माण के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों, गलियों और टूटी नालियों के सुधारीकरण को लेकर उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य हाजी महबूब अली ने आज 5 अक्टूबर को जिलाधिकारी नैनीताल और जल निगम के अधिशासी अभियंता एस.बी. शाह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि जल निगम द्वारा सीवर लाइन बिछाने के दौरान मुख्य एवं आंतरिक संपर्क मार्गों और गलियों को बड़े पैमाने पर खोदा गया है, लेकिन पाइप लाइन डालने के बाद सड़कों की समतल मरम्मत और डामरीकरण नहीं किया गया। इससे पूरा क्षेत्र गड्ढों और मलबे में तब्दील हो गया है। हाजी महबूब अली ने बताया कि क्षेत्र में कार्य अत्यंत धीमी गति से चल रहा है और बैरिकेडिंग, साइन बोर्ड जैसे सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे हजारों नागरिकों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए रोज दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। उन्होंने जनहित और जन सुरक्षा को देखते हुए सीवर लाइन के शेष कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा कर खोदी गई सड़कों का तत्काल डामरीकरण/सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित करने और कृत कार्यवाही से आयोग को अवगत कराने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी नैनीताल को भी प्रेषित की गई है।




































