Home उत्तराखंड अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गोलापार में दो दिवसीय आकाशयान स्पर्धा 2026 का आयोजन

अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गोलापार में दो दिवसीय आकाशयान स्पर्धा 2026 का आयोजन

654

नैनीताल जीआईसी के छात्रों ने किया रॉकेट प्रक्षेपण

हल्द्वानी। अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गोलापार में आयोजित आकाशयान स्पर्धा 2026 में शहीद मेजर राजेश अधिकारी राजकीय इंटर कॉलेज नैनीताल के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर अपने बनाए रॉकेटों का सफल प्रक्षेपण किया। विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक गौरी शंकर कांडपाल और शिक्षिका आरफा इरम के मार्गदर्शन में छात्रों ने इस स्पर्धा में हिस्सा लिया। कांडपाल ने बताया कि एस्ट्रोवर्स एक्सपीरियंस प्राइवेट लिमिटेड और ग्राफिक एरा के तत्वावधान में 4 और 5 अक्टूबर को यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें जनपद नैनीताल के विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। बताया गया कि स्पर्धा से पहले एस्ट्रोवर्स एक्सपीरियंस संस्था द्वारा विभिन्न विद्यालयों में रॉकेट निर्माण की वर्कशॉप आयोजित की गई थी, जिसमें बच्चों को रॉकेट विज्ञान और उसके सिद्धांतों की जानकारी दी गई थी। रविवार को विभिन्न विद्यालयों से आए बच्चों ने अपने-अपने रॉकेटों की लॉन्चिंग की। इस दौरान एस्ट्रोवर्स द्वारा बनाए गए कई प्रकार के मॉडल रॉकेटों का भी लॉन्च पैड से सफल प्रक्षेपण किया गया।

शिक्षिका आरफा इरम ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज नैनीताल के विद्यार्थियों ने भी इस गतिविधि में बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी की और यह अनुभव उनके लिए रॉकेट विज्ञान के ज्ञान को बढ़ाने में लाभप्रद रहा। कार्यक्रम के दौरान छात्रों की एरीज, नैनीताल से आए वैज्ञानिक डॉ. मोहित जोशी से भी मुलाकात हुई। डॉ. जोशी ने छात्रों को खगोल विज्ञान की जानकारी दी और उन्हें एरीज संस्था में विजिट करने का निमंत्रण दिया।