“एक पेड़ मां के नाम” अभियान को मिला समर्थन

रूद्रपुर। एलएससी इन्फ्राटेक लि. कुमार ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज ने पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ किच्छा बाईपास रोड, रूद्रपुर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया।कार्यक्रम की अगुवाई ग्रुप के निदेशक अभिषेक अग्रवाल और जिला खान अधिकारी मनीष परिहार ने की। इस दौरान पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।

निदेशक अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि पौधे लगाकर धरती को हरा-भरा रखना और पर्यावरण का बचाव करना हर व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि कुमार ग्रुप ने अपने अन्य प्रतिष्ठानों पर भी हजारों की संख्या में वृक्षारोपण किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे। मानसून सत्र में ग्रुप द्वारा अन्य स्थानों पर भी वृक्षारोपण किया जाएगा।

उन्होंने उत्तराखंड सरकार के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याओं का प्रभावी समाधान है। उन्होंने हर व्यक्ति से हर साल कम से कम एक पेड़ लगाने की अपील की।
जिला खान अधिकारी मनीष परिहार ने बताया कि उनके अनुरोध पर एलएससी इन्फ्राटेक ने पिछले माह बाजपुर के इंटर कॉलेज परिसर में भी फलदार और छायादार प्रजातियों के पौधे लगाए थे। उन्होंने कहा कि सिर्फ पौधे लगाना ही काफी नहीं है, उन्हें बड़ा होने तक संरक्षित करना भी जरूरी है। सामूहिक प्रयास से ही हमारा शहर और देश प्रदूषण मुक्त बन सकता है।कार्यक्रम में कुमार ग्रुप के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
































