Home उत्तराखंड पहाड़ मांगे यूकेडी, दिल्ली के दल खारिज

पहाड़ मांगे यूकेडी, दिल्ली के दल खारिज

2691

2027 : सल्ट से लेकर पूरे उत्तराखंड में यूकेडी टिकट पर मची होड़, मुकाबला बना ‘ यूकेडी बनाम राष्ट्रीय दल

अल्मोड़ा। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड क्रांति दल के सामने टिकट बंटवारा सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। सल्ट विधानसभा में दर्जनों यूकेडी कार्यकर्ता पहले ही दावेदारी ठोक चुके हैं। प्रताप सिंह बरनाला, बिरेंद्र सिंह बंगारी, महेश उपाध्याय और राकेश बिष्ट के नाम प्रमुख हैं। प्रदेश की कई अन्य सीटों पर भी हालात ऐसे ही हैं।

शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पलायन और बढ़ते भ्रष्टाचार पर सरकार की नाकामी देख अब भाजपा-कांग्रेस से लंबे समय से जुड़े नेता भी यूकेडी की ओर रुख कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक कई मौजूदा और पूर्व जनप्रतिनिधि भी टिकट की लाइन में हैं।

25 साल में बुनियादी सवाल जस के तस रहने से जनता का रुख क्षेत्रीय दल की तरफ बढ़ा है। इसी वजह से इस बार का चुनाव सीधे जनमुद्दों पर ‘यूकेडी बनाम राष्ट्रीय दल’ होता दिख रहा है।

यूकेडी केंद्रीय नेतृत्व के लिए निष्ठावान कार्यकर्ताओं और राष्ट्रीय दलों से आ रहे बड़े चेहरों के बीच संतुलन बनाना मुश्किल हो रहा है। आचार संहिता लगते ही कई चेहरे खुलकर सामने आ सकते हैं। फिलहाल सल्ट से एक नाम चुनना आलाकमान के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। हर दावेदार खुद को सबसे मजबूत बता रहा है।