पिथौरागढ़ । पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा के चतुर्थ दल को शनिवार को पर्यटक आवास गृह पिथौरागढ़ में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कुमाऊं मंडल विकास निगम के पूर्व प्रबंधक दिनेश गुरूरानी ने यात्रियों को “हिमालय बचाओ अभियान” के तहत शपथ दिलाई कि वे यात्रा के दौरान पॉलीथिन, प्लास्टिक, रैपर सहित पर्यावरण को प्रदूषित करने वाली किसी भी सामग्री का प्रयोग नहीं करेंगे। गुरुरानी ने कहा कि हिमालय को कूड़ा मुक्त रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। यात्रा के दौरान एकत्रित कूड़े को धारचूला लाकर उसका समुचित निस्तारण किया जाएगा।
कार्यक्रम में पौधारोपण अभियान के 732वें दिन के तहत उच्च हिमालय क्षेत्र स्थित गुंजी और काला पानी में रोपण के लिए पौधे भी यात्रियों को सौंपे गए। कुमाऊं मंडल विकास निगम के रसोइयों को भी इस अभियान से जोड़ा गया ताकि वे यात्रा मार्ग में वृक्षारोपण में सहयोग करें। यात्रियों ने गुरूरानी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि वे न केवल यात्रा के दौरान कूड़ा एकत्र करेंगे, बल्कि घर लौटने के बाद भी अपने स्तर पर पौधारोपण करेंगे। इस अवसर पर यात्रा कोऑर्डिनेटर देवेन्द्र सिंह रावत, पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक प्रकाश सिंह भैंसोड़ा, सुभाष कुमार, प्रकाश सिंह, प्रमोद कुमार, वेद प्रकाश, गौरव पांडे, नरेंद्र थापा, हंसी, रचना, राजेंद्र सिंह, पदम सिंह सहित निगम के कर्मी उपस्थित रहे। दिनेश गुरूरानी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाया जा रहा पौधारोपण अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

































