क्रमिक अनशन सातवें दिन भी जारी
बिंदुखत्ता (हल्द्वानी)। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव घोषित किए जाने की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन के बैनर तले चल रहा क्रमिक अनशन गुरूवार को सातवें दिन भी जारी रहा। क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को लेकर आंदोलनकारी आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। गुरूवार को क्रमिक अनशन पर रमेश कुमार, दीवान कनेरा, शंकर राम, सूरज जगरिया और कुंदन कोहली बैठे। अनशन स्थल पर दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहा। इस अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप सिंह बथ्याल, गुरदयाल मेहरा, गिरधर बम, बीना जोशी, बिमला पाल, बिंदु गुप्ता, गोविंद बल्लभ भट्ट, लक्ष्मण धपोला, पुष्कर दुबडिया, प्रकाश आर्य समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस, वामपंथी दलों और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वक्ताओं ने कहा कि बिंदुखत्ता राज्य का सबसे बड़ा क्षेत्र है, लेकिन आज तक राजस्व गांव का दर्जा नहीं मिलने से यहां के लोगों को मूलभूत सुविधाओं, जमीन के मालिकाना हक और विकास योजनाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। इंडिया गठबंधन के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


































