डेढ़ साल में 528 बलात्कार, 157 अपहरण और 126 हत्याएं
2025 में 5517 अपराध दर्ज, 2026 के 6 माह में ही 2872 केस, वाहन चोरी-लूट और बलवा में भारी बढ़ोतरी
काशीपुर। कुमाऊं मंडल में अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीम उद्दीन एडवोकेट को पुलिस महानिरीक्षक, कुमाऊं क्षेत्र नैनीताल के लोक सूचना अधिकारी हेम चंद्र सती द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना के अनुसार वर्ष 2025 में जहां कुल 5517 अपराध दर्ज हुए थे, वहीं वर्ष 2026 के मात्र 6 माह (जून तक) में ही 2872 अपराध दर्ज हो चुके हैं।आरटीआई से मिले आंकड़ों के अनुसार डेढ़ वर्ष में कुमाऊं के 6 जिलों में कुल 9 डकैती, 51 लूट, 58 चेन स्नेचिंग, 582 वाहन चोरी, 213 गृह भेदन, 310 चोरी, 102 हत्या के प्रयास/हत्या, 473 बलवा, 24 दहेज हत्या, 528 बलात्कार और 157 अपहरण के मामले दर्ज हुए हैं।

सबसे ज्यादा अपराध ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में
आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक अपराध ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिलों में दर्ज हुए हैं। बलात्कार – कुल 528 में से 282 ऊधमसिंह नगर, 145 नैनीताल, 34 पिथौरागढ़, 28 अल्मोड़ा, 25 चंपावत, 14 बागेश्वर। हत्या – कुल 102 में से 56 ऊधमसिंह नगर, 27 नैनीताल। महिला अपहरण – कुल 139 में से 91 ऊधमसिंह नगर, 28 नैनीताल। वाहन चोरी – कुल 582 में से सर्वाधिक 456 केस अकेले ऊधमसिंह नगर में। चेन स्नेचिंग – 2026 में ही 26 केस सहित कुल 58 केस, जिसमें 30 ऊधमसिंह नगर में। बलवा – 2026 में 177 सहित कुल 473 केस, 354 ऊधमसिंह नगर में। दहेज हत्या – कुल 24 में से 14 ऊधमसिंह नगर, 5 नैनीताल।
बढ़ोतरी वाले अपराध
सूचना के अनुसार वाहन चोरी, लूट व चोरी, चेन स्नेचिंग, बलवा और दहेज हत्या के अपराधों में पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 2026 के 6 माह में ही वाहन लूट के 3, वाहन चोरी के 193, चोरी के 113, बलात्कार के 169 और बलवा के 177 मामले दर्ज हो चुके हैं। आरटीआई कार्यकर्ता नदीम उद्दीन ने कहा कि आंकड़े कुमाऊं में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं और पुलिस को विशेष अभियान चलाकर अपराध नियंत्रण की आवश्यकता है।



































