हल्द्वानी। महिलाओं की प्रतिभा, उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से Growing Wisdom Academy द्वारा ‘लोकविरासत – नारी के संग 2026’ कार्यक्रम का आयोजन 25 अक्टूबर 2026, रविवार को प्रातः 11 बजे उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख श्रीमती मंजू गौड़ तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. और वरिष्ठ पत्रकार बलदेव भट्ट आमंत्रित हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. के. आर. भट्ट करेंगे। संपर्क संस्थान के अध्यक्ष अनिल लढ़ा ने संरक्षक एवं मार्गदर्शक के रूप में ग्रोइंग विजडम अकैडमी व सभी प्रतिभागियों को कार्यक्रम हेतु अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
कार्यक्रम की संयोजक एवं Growing Wisdom Academy की निदेशक/संस्थापक ललिता कापड़ी तथा कार्यक्रम संयोजक मीना राणा व एडवोकेट मीना जोशी के नेतृत्व में आयोजित इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना और लोकपरंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाना है।
कार्यक्रम में कीर्तन मंडली, लोकनाट्य, झोड़ा-चांचरी, ऐपण कला और मेहंदी जैसी विधाओं के माध्यम से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति एवं महिला सशक्तीकरण को विशेष रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।
निर्णायक मंडल में साहित्यकार एवं शिक्षिकाएँ डॉ. गीता मिश्रा, डॉ. शशि जोशी, डॉ. भगवती पनेरू, श्रीमती हेमा पंत, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के संगीत विभागाध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार तथा फाग गायिका श्रीमती मीनू जोशी शामिल हैं। मंच संचालन संगीत अध्यापिका डिंपल जोशी करेंगी।
Growing Wisdom Academy की ओर से सभी प्रतिभागियों, कला प्रेमियों एवं संस्कृति के संरक्षण के लिए कार्य करने वाले लोगों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की गई है। यह आयोजन लोकसंस्कृति के संरक्षण, महिला प्रतिभा के सम्मान और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

































