वर्ल्ड चैंपियनशिप ट्रायल के लिए चयन
हल्द्वानी। पुणे, महाराष्ट्र में आयोजित इंडियन ताइक्वांडो नेशनल चैंपियनशिप अंडर-14 में लामाचौड़ स्थित आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल लामाचौड़ के छात्र तरुण खुल्बे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। तरुण की इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन हुआ है प्रतियोगिता में तरुण ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा, आत्मविश्वास और अनुशासन का परिचय दिया। फाइनल मुकाबले तक पहुंचकर उन्होंने कड़ा संघर्ष किया और रजत पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया। तरुण की इस उपलब्धि के साथ ही एक और बड़ी खुशखबरी जुड़ गई है। उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर आगामी वर्ल्ड चैंपियनशिप ट्रायल के लिए उत्तराखंड से उनका चयन हुआ है। यह चयन उनकी निरंतर मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का प्रमाण माना जा रहा है।
विद्यालय के प्रबंधक ने तरुण को बधाई देते हुए कहा कि “तरुण की यह सफलता कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। हमें गर्व है कि हमारे छात्र ने राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय और राज्य का नाम रोशन किया। हमें विश्वास है कि वह वर्ल्ड चैंपियनशिप ट्रायल में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम ऊंचा करेगा।” इस उपलब्धि पर समस्त आर्डन परिवार, शिक्षकों और अभिभावकों ने तरुण को हार्दिक बधाई दी है और वर्ल्ड चैंपियनशिप ट्रायल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।































