Home उत्तराखंड गुरूरानी ने हिमालय बचाओ अभियान के तहत कैलाश यात्रियों को दिलाई शपथ

गुरूरानी ने हिमालय बचाओ अभियान के तहत कैलाश यात्रियों को दिलाई शपथ

314

पिथौरागढ़ | राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओगला और अस्कोट के बीच स्थित जीआरईएफ कैंप पिनोरा के शिव मंदिर परिसर में रविवार को पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा के आठवें दल के यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। कुमाऊँ मंडल विकास निगम के पूर्व प्रबंधक और राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरुरानी ने यात्रियों को “हिमालय बचाओ अभियान” के तहत उच्च हिमालय क्षेत्र में पर्यावरण को प्रदूषित करने वाली किसी भी सामग्री का प्रयोग न करने और हिमालय को कूड़ा मुक्त रखने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान श्री गुरुरानी द्वारा चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान का 748वां दिन भी मनाया गया। इस अवसर पर यात्रियों को कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग में स्थित गुंजी और कालापानी में रोपण के लिए पौधे भेंट किए गए। यात्रियों ने शिव मंदिर परिसर पिनोरा में बेलपत्र सहित अन्य पौधों का रोपण किया। पहली बार कैलाश यात्रा पर जा रहे कुमाऊँ मंडल विकास निगम के रसोइयों को भी पौधारोपण के लिए पौधे दिए गए। यात्रियों ने दिनेश गुरुरानी के हिमालय बचाओ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि उनके पर्यावरण संरक्षण के कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने संकल्प लिया कि यात्रा के दौरान किसी भी ऐसी सामग्री का प्रयोग नहीं करेंगे जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचे और हिमालय को कूड़ा मुक्त बनाने में सहयोग करेंगे। यात्रियों ने यह भी कहा कि यात्रा पूरी कर घर लौटने के बाद वे स्वयं पौधारोपण करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। ज्ञातव्य है कि दिनेश गुरुरानी पिछले कई वर्षों से हिमालय बचाओ अभियान के तहत कैलाश यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ रहे हैं। इस अवसर पर जीआरईएफ कैंप के कर्मचारियों के साथ सामाजिक कार्यकर्ता सुनील शाह, दान सिंह कन्याल, गौरव पांडे, बबलू, यात्रा दल के कोऑर्डिनेटर साजन कुमार, सुंदर रावत और दल के संपर्क अधिकारी सहित सभी यात्री उपस्थित रहे।