शहीद बाबा मोहन उत्तराखण्डी को श्रद्धांजलि देने उमड़ेगा जनसैलाब
उत्तराखंड आंदोलन के अमर सेनानी और स्थायी राजधानी गैरसैंण के लिए संघर्ष करने वाले शहीद बाबा मोहन उत्तराखण्डी के शहादत स्थल बेनीताल में 9 अगस्त को “स्थायी राजधानी गैरसैंण जनजागृति यात्रा” पहुंचेगी। सोशल मीडिया पर चल रहे पोस्टर के अनुसार यह यात्रा केवल एक पदयात्रा नहीं है, बल्कि उन शहीदों को नमन है जिन्होंने अलग उत्तराखंड राज्य और गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया।
आयोजकों ने अपील की है कि 9 अगस्त को अधिक से अधिक संख्या में लोग बेनीताल पहुंचें और बाबा मोहन उत्तराखण्डी के संघर्ष और बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण करें। उनका कहना है कि जनभागीदारी से ही गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने के आंदोलन को नई मजबूती मिलेगी। बेनीताल उत्तराखंड आंदोलन का एक ऐतिहासिक स्थल माना जाता है। यहीं बाबा मोहन उत्तराखण्डी ने राज्य और राजधानी के सवाल पर अपना जीवन न्यौछावर किया था। हर वर्ष आंदोलनकारी और स्थानीय लोग यहां पहुंचकर उन्हें याद करते हैं। जनजागृति यात्रा के माध्यम से आयोजक एक बार फिर राज्य सरकार और केंद्र का ध्यान गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग की ओर खींचना चाहते हैं।































