Home उत्तराखंड “मौन से सृजन तक” काव्य संग्रह का 10 मई (मातृ दिवस) पर...

“मौन से सृजन तक” काव्य संग्रह का 10 मई (मातृ दिवस) पर भव्य विमोचन

2184

हल्द्वानी। मातृ दिवस के पावन अवसर पर साहित्य जगत के लिए एक विशेष क्षण आने जा रहा है। संपर्क संस्थान, उत्तराखंड इकाई के तत्वावधान में 21 नवोदित कवयित्रियों के साझा काव्य संग्रह “मौन से सृजन तक” का भव्य विमोचन 10 मई 2026 (रविवार) को नगर निगम सभागार, हल्द्वानी में प्रातः 11 बजे आयोजित किया जाएगा। इस गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हल्द्वानी के महापौर गजराज सिंह बिष्ट उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहानी तथा वरिष्ठ साहित्यकार एवं “शैल सूत्र” की संपादक आशा शैली कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
काव्य संग्रह की संपादक ललिता कापड़ी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पुस्तक संस्थान के सामूहिक साहित्यिक प्रयासों का परिणाम है, जिसमें नवोदित कवयित्रियों की भावनाओं, अनुभवों और सृजनात्मक अभिव्यक्तियों को एक मंच प्रदान किया गया है। यह संग्रह नारी संवेदना, जीवन के विविध रंगों और आत्मिक अनुभूतियों को सशक्त स्वर देता है।
कार्यक्रम में शहर के साहित्य प्रेमियों, बुद्धिजीवियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहने की संभावना है। संस्थान की ओर से सभी साहित्य अनुरागियों से इस अवसर पर उपस्थित होकर नवोदित कवयित्रियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की गई है। यह आयोजन न केवल साहित्यिक अभिव्यक्ति का उत्सव होगा, बल्कि नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी साबित होगा।