हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) हल्द्वानी की ओर से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा तथा रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों की जानकारी देने के उद्देश्य से किच्छा, सितारगंज, खटीमा क्षेत्र के राजकीय महाविद्यालयों और डिग्री कॉलेजों में जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार अभियान चलाया गया। कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान के दौरान विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर, व्यावसायिक एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, पात्रता, अध्ययन सामग्री, परीक्षा प्रणाली तथा अध्ययन केंद्रों की जानकारी दी गई। बताया गया कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थी अपनी तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा भी जारी रख सकते हैं।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, अध्ययन पद्धति और परीक्षा व्यवस्था से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका विश्वविद्यालय की टीम ने समाधान किया और रुचि, योग्यता व भविष्य की योजनाओं के अनुरूप पाठ्यक्रम चयन के लिए मार्गदर्शन दिया। अभियान में विज्ञान विद्याशाखा के जंतु विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य डॉ. एस.एस. कुंजवाल, गणित विभाग के डॉ. कमलेश बिष्ट, भूगोल विभाग के डॉ. प्रदीप पंत तथा भौतिक विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य डॉ. राजेश मठपाल ने सक्रिय सहभागिता की।


































