Home उत्तराखंड उक्रांद का अनूठा पौधारोपण अभियान 717वें दिन भी जारी

उक्रांद का अनूठा पौधारोपण अभियान 717वें दिन भी जारी

850
Oplus_131072

2 जुलाई से बृहद अभियान का ऐलान, 15 जुलाई को पूरे होंगे 2 साल

डीडीहाट/पिथौरागढ़। उत्तराखंड क्रांति दल के अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ के कुमाऊं मंडल अध्यक्ष एवं राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरुरानी का पौधारोपण अभियान वृहस्पतिवार को 717वें दिन भी जारी रहा। अभियान के तहत डीडीहाट के रण गांव स्थित ऐतिहासिक गगनाथ मंदिर परिसर में पौधे रोपे गए। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता दीपचंद जोशी, मंदिर पुजारी चंचल सिंह खोलिया, कैप्टन कुंदन सिंह कन्याल और देवेंद्र बलवंत सिंह खोलिया मौजूद रहे।
दिनेश गुरुरानी ने बताया कि 3 जुलाई 2024 से शुरू हुआ यह अनूठा पौधारोपण आंदोलन 15 जुलाई 2026 को दो साल पूरे कर लेगा। इस उपलक्ष्य में 2 जुलाई से 15 जुलाई तक स्वर्गीय पिता तारा दत्त गुरुरानी की स्मृति में “पौधारोपण के साथ जनसंपर्क” बृहद अभियान चलाया जाएगा। इसमें विद्यालयों और आमजन को भी जोड़ा जाएगा।
गुरुरानी ने कहा कि कुमाऊं और गढ़वाल मंडल विकास निगम में कार्यरत संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग को लेकर 3 जुलाई 2024 से यह आंदोलन शुरू हुआ था। कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन के बजाय पौधे लगाने का रास्ता चुना। यह अनूठी पहल इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हो चुकी है। अब तक एक लाख से ज्यादा पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि नियमितीकरण न होने से कई कर्मचारी बिना लाभ के सेवानिवृत्त हो गए, कई का निधन हो चुका है। सरकार से शीघ्र नियमितीकरण और समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग की गई है।गुरुरानी 2005 से पौधारोपण कर रहे हैं। अब तक चार लाख से अधिक पौधे लगा चुके हैं। हिमालय बचाओ अभियान के तहत 6 लाख से ज्यादा लोगों को शपथ दिलाकर जोड़ा जा चुका है। इस कार्य के लिए उन्हें सरकार और सामाजिक संगठनों द्वारा कई बार सम्मानित किया गया है। दिनेश गुरुरानी ने दोहराया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए उनका पौधारोपण अभियान आगे भी जारी रहेगा।