कैलाश यात्रियों ने ली हिमालय को कूड़ा मुक्त रखने की शपथ, 728वें दिन चला पौधारोपण अभियान
पिथौरागढ़ । पर्यटक आवास गृह पिथौरागढ़ में सोमवार को पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा के तृतीय दल के 48 यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। कुमाऊं मंडल विकास निगम के पूर्व प्रबंधक और “हिमालय बचाओ अभियान” के प्रणेता दिनेश गुरुरानी ने यात्रियों को शपथ दिलाई कि वे उच्च हिमालयी क्षेत्र में यात्रा के दौरान पॉलीथिन, प्लास्टिक, रैपर सहित किसी भी प्रकार की अपशिष्ट सामग्री का प्रयोग नहीं करेंगे। साथ ही रास्ते में पड़े कूड़े को एकत्र कर धारचूला में उसका समुचित निस्तारण भी सुनिश्चित करेंगे।

728वें दिन भी चला पौधारोपण अभियान
श्री गुरुरानी द्वारा राज्य में लगातार चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान का यह 728वां दिन था। इस अवसर पर उन्होंने यात्रा दल को गुंजी और काला पानी क्षेत्र में रोपण के लिए पौधे भेंट किए। यात्रियों ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि वे न केवल हिमालय में पौधारोपण करेंगे, बल्कि यात्रा से लौटने के बाद अपने घरों में भी पौधे लगाएंगे और कूड़ा संग्रहण में सहयोग करेंगे। इस बार खास बात यह रही कि पहली बार KMVN के रसोइयों को भी अभियान से जोड़ा गया। काला पानी में रोपण के लिए निगम के तीन कुक सुंदर गोस्वामी, प्रहलाद सिंह और गौरव कुमार को पौधे दिए गए।
यात्रा दल का स्वागत समन्वयक कुंदन लाल जौहरी, प्रबंधक प्रकाश भैंसोड़ा, वेद प्रकाश, पदम सिंह, नरेंद्र थापा, गोपाल, सौरभ और गौरव पांडे सहित निगम के कर्मचारियों ने किया।हिमालय को स्वच्छ और हरित रखने के इस प्रयास को यात्रियों ने “यात्रा से पहले की सबसे बड़ी सीख” बताया।































