मुख्यमंत्री धामी होंगे मुख्य अतिथि
हल्द्वानी। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखण्ड का वार्षिक अधिवेशन एवं कार्यकारिणी बैठक के रूप में एक भव्य व्यापारी सम्मेलन 9 अक्टूबर को हल्द्वानी में आयोजित किया जा रहा है। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि 29 अगस्त को पर्यटन होटल में मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में उन्होंने व्यापारियों से संवाद के लिए व्यापारी सम्मेलन का निर्देश दिया था। मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि इस सम्मेलन के लिए सीमांत क्षेत्रों से भी व्यापारी प्रतिनिधि आ रहे हैं। 9 अक्टूबर को ही यमुना घाटी, पिथौरागढ़, धारचूला, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रानीखेत, पौड़ी से लगभग 250 व्यापारी प्रतिनिधि पहुंचेंगे। साथ ही देहरादून, हरिद्वार, काशीपुर, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल एवं बागेश्वर जिलों से महिला प्रतिनिधि भी भाग लेंगी।
व्यवसायों के लिए समितियां गठित, सम्मेलन की व्यवस्था के लिए विभिन्न समितियां बनाई गई हैं। आवास समिति का नेतृत्व मदन फर्त्याल, व्यापारी रैली आयोजन नवीन, खान-पान एवं स्मारिका प्रकाशन की जिम्मेदारी हर्षवर्धन पांडे, सभागार व्यवस्था विपिन गुप्ता, अतिथि स्वागत एवं पंजीकरण महिला जिला समिति तथा ग्रामीण व्यापार मंडल हल्द्वानी एवं युवा व्यापार मंडल को आवागमन व्यवस्था सौंपी गई है। फल-सब्जी, ट्रांसपोर्ट, स्वर्णकार एसोसिएशन ने सहयोग की सहमति दी है। कार्यक्रम के अनुसार 9 अक्टूबर को सुबह 9 बजे नगर निगम हल्द्वानी के पास से भव्य व्यापारी रैली निकाली जाएगी। इसके बाद सुबह 10 बजे मेडिकल कॉलेज सभागार में सम्मेलन का शुभारंभ होगा। प्रथम सत्र में विभिन्न जिलों से आए व्यापारियों की समस्याओं पर विचार और महामंत्री द्वारा प्रस्तावों का अनुमोदन होगा। द्वितीय सत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अभिनंदन, विशिष्ट सेवा सम्मान एवं मंडल की स्मारिका का विमोचन होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।



































