हल्द्वानी । मध्य हिमालय विमर्श समाचार पत्र एवं पर्वतीय पत्रकार महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भव्य सम्मान किया गया। महासंघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को शाल ओढ़ाकर, माल्यार्पण कर तथा पर्वतीय अंचल के मनोरम दृश्यों से सुसज्जित फ्रेम सप्रेम भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर महासंघ ने मुख्यमंत्री को पर्वतीय क्षेत्रों में कार्य कर रहे पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। पत्रकारों ने पर्वतीय क्षेत्रों में पत्रकारों की सुरक्षा, अधिमान्यता और संसाधनों से जुड़ी मांगों पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट किया। मुख्यमंत्री श्री धामी ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उचित समाधान का आश्वासन दिया। सम्मान समारोह में मध्य हिमालय विमर्श समाचार पत्र के सम्पादक दिनेश चंद्र जोशी, पर्वतीय पत्रकार महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पाठक, महानगर अध्यक्ष धीरज जोशी, सचिव गिरीश चन्दोला सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे।

खेल भावना और सूखा गला
हल्द्वानी । 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी गौलापार में उत्तराखंड की पहली क्रीड़ा यूनिवर्सिटी का भूमि पूजन किया। मंच पर खेल, खेल विज्ञान और खिलाड़ियों के भविष्य के लिए बड़ी-बड़ी बातें हुईं। नीचे पंडाल में लोकतंत्र का चौथा स्तंभ पानी मांग रहा था। भव्य समारोह, लगभग 2500 कुर्सियां, हेलीकॉप्टर से आगमन, पुरस्कार वितरण और लगभग 94 पदों की मंजूरी के जश्न में इतना बजट था, पर पत्रकारों के लिए एक पानी की बोतल का बजट नहीं था। शायद शासन ने मान लिया कि पत्रकार तो खबरों से ही अपनी प्यास बुझा लेते हैं।
































