शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगारों का धरना 20वें दिन भी जारी, मांग पूरी न होने पर दी आत्मघाती कदम की चेतावनी,
19 जून से क्रमिक अनशन शुरू, सरकार ने अब तक नहीं ली सुध
देहरादून । उत्तराखंड के शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षित बेरोजगारों का शिक्षा निदेशालय, ननूरखेड़ा में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना आज 20वें दिन भी जारी रहा। सरकार द्वारा कोई कार्रवाई न होने पर 19 जून से क्रमिक अनशन शुरू कर दिया गया है।

वहीं प्रदेश अध्यक्ष जगदीश चंद्र पांडे ने बताया कि 4 जून से शुरू हुए धरने के बावजूद शासन-प्रशासन ने अब तक शारीरिक शिक्षकों की मांगों पर कोई संज्ञान नहीं लिया है। क्रमिक अनशन के पांचवें दिन आज जगदीश चंद्र पांडे, गिरीश मिश्रा और प्रदीप अनशन पर बैठे। प्रशिक्षित बेरोजगारों की एकमात्र मांग है कि उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शारीरिक शिक्षक के पदों संबंधी फाइल संख्या 77006 को वित्त विभाग से मंजूरी दिलाकर कैबिनेट में पास किया जाए। वहीं आंदोलनकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांग जल्द पूरी नहीं हुई तो वे आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होंगे। अभी तक सरकार या प्रशासन के किसी अधिकारी ने आकर उनकी बात नहीं सुनी है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष जगदीश चंद्र पांडे, महेश नेगी, किशन खत्री, प्रदीप बिष्ट, आशीष चमोला, अनूप तिवारी, अजीत, गोविंद सिंह, प्रकाश नेगी, हेमकांत, संजय कोरंगा, केदार सिंह, देवेंद्र कुकरेती, कुशाल सिंह कोरंगा, मीना कार्की, सुमन नेगी सहित कई प्रशिक्षित बेरोजगार शिक्षा निदेशालय में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं।






























