Home उत्तराखंड हल्दूचौड़ में सड़क की बदहाली का वीडियो वायरल करना पड़ा भारी

हल्दूचौड़ में सड़क की बदहाली का वीडियो वायरल करना पड़ा भारी

585
Oplus_131072

दिव्यांग समिति के अध्यक्ष ने प्रधान पति पर लगाया धमकी का आरोप

हल्दूचौड़/हल्द्वानी। सड़क की बदहाली को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वाले दिव्यांग समिति के केंद्रीय अध्यक्ष और प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता शंकरलाल ने हल्दूचौड़ के प्रधान पति पर धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल किया है और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। शंकरलाल का कहना है कि उन्होंने 30 सितंबर को ग्राम सभा हल्दूचौड़ अंतर्गत सड़क की बदहाली को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था। वीडियो में उन्होंने टूटी-फूटी सड़क की दुर्दशा को दिखाते हुए सवाल उठाए थे। उनके इस वीडियो को क्षेत्र के लोगों ने काफी सराहा और उनका हौसला बढ़ाया। आरोप है कि वीडियो वायरल होने के बाद ग्राम प्रधान पति कैलाश भट्ट ने उन्हें फोन कर धमकाया। शंकरलाल के अनुसार, कैलाश भट्ट ने फोन पर कहा कि वह इस सड़क का वीडियो कैसे वायरल कर रहा है, यहां के प्रधान तो वे हैं। शंकरलाल का कहना है कि कैलाश भट्ट द्वारा अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। शंकरलाल ने कहा कि कैलाश भट्ट प्रधान नहीं हैं, बल्कि प्रधान पति हैं और उन्हें इस तरह धमकाने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने बताया कि वह दिव्यांग समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के साथ-साथ सामाजिक कार्यकर्ता हैं और उनकी पत्नी दिव्यांग बोर्ड की सदस्य हैं। सामाजिक सरोकार के नाते उन्होंने जनहित का मुद्दा उठाया था। इस मामले में शंकरलाल ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। तहरीर में उन्होंने कहा है कि यदि भविष्य में उनके साथ किसी भी प्रकार की अनहोनी होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी कैलाश भट्ट और उनके लोगों की होगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।