बच्चों को सिख विरासत से जोड़ने पर फोकस
हल्द्वानी । नई पीढ़ी को सिख विरासत, गुरबाणी और गुरमुखी से जोड़ने के लिए सिख मिशनरी कॉलेज सर्कल हल्द्वानी 1 जून से 13 जून तक “विरसा संभाल कैंप 2026” आयोजित कर रहा है। शिविर रोज सुबह 7:00 से 10:30 बजे तक श्री गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी में चलेगा। आयोजकों के अनुसार शिविर सभी आयु वर्ग के बच्चों और युवाओं के लिए खुला है। इसका मकसद प्रतिभागियों को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों से परिचित कराना है। मनोरंजक गतिविधियों के जरिए सिख इतिहास, गुरबाणी और व्यक्तित्व विकास की शिक्षा दी जाएगी। कैंप में गुरबाणी पाठ और सिख इतिहास, पंजाबी और गुरमत कैलीग्राफी, कीर्तन, गुरमत आर्ट, दस्तार और दुमाला बांधना, गटका यानी सिख मार्शल आर्ट, ऐतिहासिक गुरुद्वारों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा टर्बन प्रशिक्षण, गुरमुखी अक्षर ज्ञान, शुद्ध गुरबाणी उच्चारण, हुकमनामा लहिना, क्विज, पर्यावरण दिवस गतिविधियाँ और मानसिक स्वास्थ्य पर सत्र भी होंगे।
वरिष्ठ वर्ग के लिए न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. मनमीत कौर और मनोवैज्ञानिक हरप्रीत कौर विशेष कार्यशाला लेंगी। इसमें मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। प्रतिभागियों के लिए निःशुल्क परिवहन की व्यवस्था की गई है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए QR कोड उपलब्ध रहेगा। बेस्ट कैंपर को सीनियर और जूनियर ग्रुप में ₹1100-₹1100 का पुरस्कार सहित अन्य बम्पर प्राइजेज़ भी दिए जाएंगे। कार्यक्रम को क्षेत्र की सभी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों और सिख संस्थाओं का सहयोग मिला है। आयोजकों ने अभिभावकों और युवाओं से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।



























